विंध्य की बेटी अंजना सिंह बनीं साहस और संकल्प की मिसाल, विंध्य गौरव अवॉर्ड–सीजन 5 हेतु चयन
भोपाल/मैहर।
स्नेहा इवेंट्स एंड मैनेजमेंट, मुंबई द्वारा आयोजित विंध्य गौरव अवॉर्ड – सीजन 5 के लिए पर्वतारोही अंजना सिंह का सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार हेतु चयन किया गया है। यह चयन न केवल अंजना सिंह के लिए, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
एक छोटे से ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पर्वत शिखरों तक पहुँची अंजना सिंह ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो सीमित संसाधन भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते। जिस उम्र में आज अनेक युवा भटकाव में अपना समय गंवा देते हैं, उसी उम्र में विंध्य की यह होनहार बेटी अपने अदम्य साहस, कठोर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर पर्वतारोहण जैसे कठिन क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से शिखरों तक का सफर
अंजना सिंह, निवासी ग्राम बेंदुरा कला, पोस्ट रैकवार, तहसील अमरपाटन, जिला मैहर (मध्य प्रदेश) हैं। उनके पिता श्री राजेश सिंह एवं माता श्रीमती सियावती सिंह हैं। बचपन में वे अपने पिता के साथ खेतों में कार्य करने जाया करती थीं। खेतों की पगडंडियों पर चलते-चलते प्रकृति और पहाड़ों के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया, जो धीरे-धीरे पर्वतारोहण के जुनून में बदल गया।
सीमित संसाधनों के बावजूद अंजना ने निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए। उनका सपना विश्व की सबसे ऊँची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करने का है। इसी सपने की मजबूत शुरुआत उन्होंने हिमाचल प्रदेश की फ्रेंडशिप चोटी पर तिरंगा फहराकर की।
प्रमुख पर्वतारोहण उपलब्धियाँ
अंजना सिंह ने अब तक कई महत्वपूर्ण पर्वत शिखरों पर सफलता प्राप्त की है—
फ्रेंडशिप चोटी, हिमाचल प्रदेश – 19 मई 2024
शिनकुन ईस्ट, लद्दाख – 20 जुलाई 2024
माउंट किलिमंजारो (अफ्रीका महाद्वीप) – 26 जनवरी 2025
माउंट एलब्रुस (यूरोप महाद्वीप) – 27 जुलाई 2025
सामाजिक योगदान और सम्मान
अंजना सिंह सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत मैहर जिले की ब्रांड एम्बेसडर हैं और ग्रामीण बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
उन्हें इससे पूर्व विंध्य आइकॉनिक अवॉर्ड – 2025
(स्नेहा इवेंट्स एंड मैनेजमेंट, मुंबई),विंध्य रत्न सम्मान – 2025
(देश राग कार्यक्रम, रीवा)से भी सम्मानित किया जा चुका है।
सम्मान से गौरवान्वित हुआ विंध्य क्षेत्र
विंध्य गौरव अवॉर्ड – सीजन 5 के लिए अंजना सिंह का चयन पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। स्नेहा इवेंट्स एंड मैनेजमेंट परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
अंजना सिंह आज नारी सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल बनकर यह संदेश दे रही हैं कि सपने बड़े हों और हौसले बुलंद, तो कोई भी शिखर असंभव नहीं।
स्नेहा इवेंटस एंड मैनेजमेंट परिवार आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए तुम्हे हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते है ।।










