Breaking News: यहाँ अपना समाचार लिखें...
... |
News Network
www.bhopalkesri.com
🔴 BREAKING NEWS
Loading...
📌 MP/CG
Loading...
ताज़ा खबरें (Trending News)

वैदिक रीति से मना साहित्यकार-केशव का 75 वाँ जन्मदिन

🎙️
AUDIO NEWS
खबर सुनें


बिलासपुर/वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार एवं कवि केशव शुक्ल का जन्मदिवस भारतीय एवं वैदिक परंपरा के अनुसार गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। वरिष्ठ साहित्य मनीषी डॉ. विनय कुमार पाठक जी ने अपने आशीर्वचन में कहा-केशव साहित्य की साधना निरंतर कर रहे हैं ।वे स्वस्थ एवं दीर्घायु हों।

         कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि ओम प्रकाश भट्ट ने आचार्य की भूमिका निभाई।कार्यक्रम का शुभारंभ वेदमंत्रों के साथ उपस्थित सदस्यों के स्वागत से हुआ। इसके पश्चात पवित्रीकरण एवं देवपूजन किया गया।इसके पश्चात पंचदीप प्रज्ज्वलित किए गए। सामूहिक मंत्रोच्चार किया गया एवं काव्य पाठ में भी मंगल कामनाएं व्यक्त की गयीं। 

      वरिष्ठ साहित्यकार विजय तिवारी ने कहा कि जो लोग मानव जीवन में शुभता, सदाचार और सद्गुण भरने का प्रयत्न करते हैं, उनका जीवन विलक्षण हो जाता है। उन्होंने अपनी पंक्तियों में कहा—

कुछ लोग विलक्षण जीवन में

जीवन भर शुभता बोते हैं।

अपने उद्यम से मानक बन

जग-शीर्ष शिखर पर होते हैं।

       वरिष्ठ कवि अमृतलाल पाठक ने मित्रता की परिभाषा बताते हुए कहा कि सच्ची मित्रता ऐसी होनी चाहिए, जिससे जीवन में सुगंध और मिठास का संचार हो—

तेरी मेरी मित्रता

ज्यों सोने में गंध।

दूध संग मिश्री सदृश

दोनों का अनुबंध।।

   ओमप्रकाश भट्ट जी ने आल्हा छंद के माध्यम से श्री शुक्ल के पत्रकारिता जीवन को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शब्दों को हथियार बनाकर अन्याय और असत्य पर सदैव प्रहार किया—


पत्रकारिता पगडंडी पर

सत्य रहा जिनका आधार।

शब्दों को हथियार बनाकर

किया असत् पर सदा प्रहार।।



     वरिष्ठ साहित्यकार बुधराम यादव ने जीवन का महत्वपूर्ण सूत्र देते हुए कहा कि प्रत्येक क्षण को अंतिम क्षण मानकर सार्थक जीवन जीना चाहिए—

मानो हर पल को अंतिम क्षण

और रहो उड़ने तैयार।

पल भर की वह चूक हमें न

जाने देगी भव से पार।।

      मधुर कंठ से विनय पाठक ने कहा-

पूर्वजों का आशीष मिला,

करिए मन नहीं भारी।

यश-कीर्ति जिनके खाते में,

सराहती दुनिया सारी।।

 वरिष्ठ कवि राजेश सोनार ने गोष्ठी को आध्यात्मिक भाव से जोड़ते हुए कहा-

स्वस्थ, सुखी, दीर्घायु जिंदगी

का हो निशि-दिन साथ।

       कार्यक्रम की अध्यक्षताके वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार एवं उपन्यासकार केशव शुक्ला ने की। संचालन वरिष्ठ साहित्यकार विजय तिवारी ने किया। 

       इस अवसर पर डॉ.शोभा त्रिपाठी शैव्या,अशोक त्रिपाठी त्रिपाठी,सेवा निवृत्त आइएएस रमेश चंद्र श्रीवास्तव, राकेश पाण्डेय "अयोध्या", शिव मंगल शुक्ला, डॉ.श्रीमती सर्वेश पाठक,डॉ.देवेंद्र पाठक,विष्णु तिवारी जी,प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अभय नारायण रॉय,पत्रकार प्रशांत सिंह, सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

ओमप्रकाश भट्ट

वीडियो गैलरी (Video Gallery)
Loading Videos...