कलेक्टर के बीच एचपीवी वैक्सीन लगवाकर छात्राओं ने दिया विक्ट्री साइन
कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय नौगांव, मानपुरा एवं महाराजपुर हाई स्कूल में वैक्सीन शिविर का निरीक्षण किया
कलेक्टर ने कहा सर्वाइकल कैंसर से पूर्व बचाव की एक मात्र वैक्सीन
महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से पूर्व बचाव के लिए छतरपुर जिले में एचपीवी वैक्सीन प्रथम चरण में 14 से 15 वर्ष की उम्र की बालिकाओं को लगाई जा रही है। ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव सुरक्षित हो सके। इसी क्रम में कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में जिले भर के स्कूलों में बालिकाओं को वैक्सीन लगाने के लिए शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
गुरुवार को कलेक्टर श्री जैसवाल सांदीपनि विद्यालय नौगांव लगाए गए एचपीवी वैक्सीन के शिविर में पहुंचे और जो बालिकाएं वैक्सीन नहीं लगवा रहीं थी उनके अभिभावक एवं बालिकाओं को समझाइश दी। साथ ही वैक्सीन के फायदे एवं सुरक्षा के बारे में बताया। तदुउपरांत कई बालिकाओं के अभिभावकों ने आगे आकर अपनी बेटियों को वैक्सीन लगवाई। वैक्सीन लगवाने के बाद बालिकाओं ने कलेक्टर के साथ फोटो खिंचवाया और विक्ट्री साइन दिखाकर एचपीवी वैक्सीन से सुनिश्चित हुई अपनी सुरक्षा का सकारात्मक संदेश दिया। इसके बाद कलेक्टर ने हाई स्कूल मानपुरा एवं महाराजपुर के शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण कर वैक्सीनेशन कार्य का अपडेट लिया और सभी 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को प्रेरित कर शतप्रतिशत वैक्सीन लगवाने प्राचार्य एवं स्वास्थ्य टीम को निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम जीएस पटेल, सीएमएचओ, जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









